मथुरा। अयोध्या में राममंदिर पर फैसला आने से पहले ही मथुरा अलर्ट हो गया है। शुक्रवार को पुलिस लाइन में हुई बैठक में एसएसपी शलभ माथुर ने कहा कि एडीएम, सिटी मजिस्ट्रेट सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी निगाहें रखेंगे।
मथुरा एडीएम प्रशासन सतीशचंद्र त्रिपाठी ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से लेकर लेखपाल आदि सभी को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। तैनाती स्थल पर होने वाली हर गतिविधियों पर नजरें रखते हुए तत्काल सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।
जनपद के खुफिया विभाग को सतर्क किया गया है। खुद एसएसपी शलभ माथुर पल-पल की स्थिति की पूरी जानकारी ले रहे हैं। मिश्रित आबादी वाले इलाके में भी पूरी निगाहें रखी जा रही हैं। शरारती तत्वों और बवालियों की हरकतों पर निगाहबानी की जा रही है।
उधर, एसपी सिटी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि जनपद की सभी थानों को निर्देश दिए गए हैं कि पीस कमेटी की मीटिंग करके शांतिपूर्ण व्यवस्थाएं बनाए रखें। शरारती तत्वों को भी चिंहित कर लिया गया है।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान की सुरक्षा बढ़ाई, अलर्ट के निर्देश
मथुरा। अति संवेदनशील श्रीकृष्ण जन्मस्थान की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। तीनों जोन में सुरक्षाकर्मियों को सतर्क और सजग रहते हुए संदिग्ध पर पूरी निगाह रखते हुए कार्रवाई की निर्देश दिए हैं। एसपी सुरक्षा ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। सीसीटीवी के माध्यम से पल-पल की हरकतों पर निगाहें रखी जा रही हैं।