मथुरा। सहालग में ऑटोमोबाइल कारोबार चमक उठा है। 30 अप्रैल को अक्षय तृतीया पर्व को देखते हुए ऑटोमोबाइल कारोबारी खासे उत्साहित हैं। सहालग शुरू होने के बाद से अब तक जिले में 1800 से अधिक दोपहिया वाहनों की बिक्री हो चुकी है। इसी के साथ चौपहिया वाहनों की बिक्री भी सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक हुई है। शोरूम में ग्राहकों की आमद बढ़ने व एडवांस बुकिंग के चलते अक्षय तृतीया पर जमकर खरीदारी होने के आसार हैं।
शहर के ऑटोमोबाइल संचालकों ने बताया कि 14 अप्रैल से लग्न शुरू होने के साथ ही कारोबार ने रफ्तार पकड़ ली है। दो पहिया वाहन शोरूम संचालकों ने बताया कि 14 दिनों में 1800 से ज्यादा दोपहिया वाहनों की बिक्री हो चुकी है। इसके साथ ही ग्राहकों ने अक्षय तृतीया पर वाहन खरीदने के लिए अलग-अलग शोरूमों में 3200 से अधिक एडवांस बुकिंग की हैं। वह मुहूर्त के हिसाब से वाहन खरीदेगे।
चौपहिया वाहन शाेरूम संचालकों ने बताया कि शादी में कार देने के लिए भी बुकिंग हो रही है, इसके साथ ही अक्षय तृतीया पर चौपहिया वाहन ज्यादा जाएंगे। उन्होंने बताया कि अबतक 260 से अधिक बुकिंग हो चुकी है। ग्राहकों को वह ऑफर के साथ गिफ्ट भी दे रहे है।
शोरूम संचालकों की बात
अक्षय तृतीया के दिन 70 से 80 वाहनों की ब्रिकी होगी और बुकिंग 50 के करीब पहुंच गई है। कारोबार में तेजी बनी है। नई गाड़ियां खरीदने के लिए ग्राहकों में उत्साह है।
- विकास अग्रवाल, दोपहिया वाहन शोरूम संचालक
35 से 40 वाहनों की बुकिंग हो चुकी है। प्रतिदिन 5 से 6 वाहनों की बिक्री हो रही है। वाहन खरीदने के लिए 18 से 20 ग्राहक नई डिजाइन और फीचर की मांग ग्राहक ज्यादा कर रहे हैं।
- स्पर्श गर्ग, दोपहिया वाहन शोरूम संचालक