मथुरा। मुख्य सचिव सहकारिता फरह में वीआईपी गेस्टहाउस का निरीक्षण करते हुए।
- फोटो : MATHURA
मथुरा। जिले के नोडल अधिकारी व प्रमुख सचिव सहकारिता ने शुक्रवार को जिला अस्पताल, सदर तहसील और थाना गोविंद नगर का औचक निरीक्षण किया। जिला अस्पताल में उन्हें होम्योपैथिक विभाग में वार्डबॉय मरीजों के लिए दवाएं तैयार करते मिला। इस पर संबंधित चिकित्सक से नाराजगी जाहिर की।
जनपद के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे नोडल अधिकारी एमवीएस रामी रेड्डी सबसे पहले जिला अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने महिला वार्ड, ऑपरेशन थियेटर, इमरजेंसी, डायलेस वार्डों का निरीक्षण करते हुए संबंधित डॉक्टरों को साफ-सफाई एवं वार्डों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। उनकी उपस्थिति चेक की। इसमें 16 उपस्थित एवं 06 छुट्टी पर पाए गए। बजट से संबंधित मदों की जानकारी भी ली। तदोपरांत होम्योपैथिक औषधि अनुभाग को देखा।
यहां प्रमुख सचिव को टेक्नीशियन एवं वार्डबॉय दवा बनाते हुए मिला। इस पर डॉक्टर अनीता को अपनी निगरानी में दवाएं तैयार कराने के लिए कहा। उन्होंने दवाइयों की उपलब्धता की जानकारी देते हुए उनकी एक्सपायरी डेट भी देखी।
इसके बाद नोडल अधिकारी ने गोविंद नगर थाना का निरीक्षण किया। यहां एसपी क्राइम राधेश्याम राय एवं सीओ सिटी राकेश कुमार से पुलिस स्टाफ, स्वीकृत पद की जानकारी ली। तदोपरांत प्रमुख सचिव रेड्डी ने तहसील सदर का निरीक्षण भी किया। एसडीएम
क्रांतिशेखर सिंह से एसडीएम और तहसीलदार कोर्ट में लंबित वादों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि एक सप्ताह के अंदर कोर्ट में लंबित वादों का निस्तारण कराना सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ रामनेवास, सीएमओ डॉ. शेर सिंह, एसएलओ सुरेंद्र प्रसाद यादव, जिला विकास अधिकारी रवि किशोर त्रिवेदी, जिला सहकारिता अधिकारी राघवेंद्र सिंह सहित अधिकारी मौजूद रहे।