फरह। थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार रात समुदाय विशेष के लोगों ने गांव के तिराहे पर बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर का लाइट वाला बोर्ड और पोस्टर लगा दिया। ऐसा करने से गांव के लोगों ने उनको रोका तो विवाद बढ़ने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी लोगों को समझाबुझा कर मामला शांत कराया।
सोमवार देर रात दीनदयाल धाम से सटे गांव दौलतपुर में गांव के तिराहे पर लगे बिजली के खंभे पर कुछ लोगों ने बाबा साहेब का इलेक्ट्रिक बोर्ड लगा दिया। जब गांव के अन्य लोगों ने विरोध किया तो विवाद होने लगा। कुछ महिलाएं भी बोर्ड लगाने के समर्थन में सड़क पर आ गई। होली के मौके पर तनाव बढ़ता देख थाना प्रभारी छोटेलाल पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने लोगों को समझा बुझा कर बोर्ड को उतरवाया। मौके पर मौजूद सभी लोगों को उनके घर भेज कर स्थिति को सामान्य कर किया गया। पुलिस ने सभी पक्षों से अपील की है कि नई जगहों पर कुछ नया बोर्ड पोस्टर लगाने से पहले प्रशासन से अनुमति लेना अनिवार्य है।
गांव पहुंचे एसडीएम सदर ओर सीओ
सोमवार रात पोस्टर विवाद में हुए हंगामे के बाद मंगलवार दोपहर 12 बजे एसडीएम सदर अभिनव जे जैन, सीओ रिफाइनरी अनिल कपरवान, थाना प्रभारी छोटेलाल गांव दौलतपुर पहुंचे। यहां अधिकारियों ने पीस कमेटी की बैठक में ग्रामीणों से संवाद किया। इसके बाद पूरे गांव में फ्लैग मार्च निकाला। एसडीएम सदर ने कहा कि ब्रज की परंपरा के अनुसार होली मनाएं। महापुरुषों के फोटो घरों और कार्यालयों में लगाएं। सीओ रिफाइनरी अनिल कपरवान ने कहा कि सभी की भावनाओं का ध्यान रखते हुए ही मामले को शांत कराया है।