चौमुहां। थाना जैंत क्षेत्र स्थित छटीकरा-वृंदावन मार्ग पर रूम बुकिंग के विवाद में एक युवक पर जानलेवा हमला करने वाले गेस्ट हाउस संचालक को जैंत पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महेश सिंह को पुलिस ने बांके बिहारी एन्क्लेव से दबोचा, जिनके पास से वारदात में इस्तेमाल 7.65 बोर की लाइसेंसी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
बांके बिहारीपुरम (केशवधाम) निवासी सुनील उर्फ भोला, जो गाइड और लोगों को रूम दिलाने का काम करते हैं, छटीकरा स्थित श्री पार्किंग के पीछे संचालित एक गेस्ट हाउस में बुकिंग के लिए गए थे। इस गेस्ट हाउस को मूल रूप से शेलखेड़ा (बलदेव) निवासी रिटायर्ड सैन्यकर्मी महेश सिंह किराए पर चलाते हैं।
पीड़ित सुनील के अनुसार, गेस्ट हाउस संचालक महेश उस समय शराब के नशे में थे। विवाद तब शुरू हुआ जब महेश ने सुनील पर जबरन सारे कमरे बुक करने का दबाव बनाया। सुनील ने विरोध किया, तो उनके साथ अभद्रता और गाली-गलौज कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि महेश ने आवेश में आकर लाइसेंसी पिस्टल से सुनील पर फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि सुनील बच गए और गोली दीवार में जा धंसी। पीड़ित ने जैंत थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई और तहरीर दी।
थाना प्रभारी जैंत उमेश चंद्र त्रिपाठी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम मौके पर भेजी। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी महेश सिंह (42) को हिरासत में ले लिया। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया।