मथुरा। मंडी प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाने के दौरान तोड़फोड़ का मामला गरमा गया है। इसे लेकर कारोबारियों ने बुधवार को दुकानें बंद रखीं। साथ ही डीएम से मुलाकात भी की। डीएम ने मामले को सुलझाने के लिए तीन अफसरों की कमेटी गठित की है।
मंडी निदेशक के आदेश पर मंडी परिसर में मंगलवार को अतिक्रमण हटाना शुरू किया गया था। इस दौरान एक कारोबारी के सिर में ईंट लगने से व्यापारी आक्रोशित हो गए थे। अनाज मंडी बंद कर दी थी।
इसे लेकर बुधवार को मथुरा व्यापार समिति के अध्यक्ष राधाचरन चौधरी, महामंत्री दीनदयाल अग्रवाल व फल सब्जी मंडी के अध्यक्ष तौफीक कुरैशी व नगर अध्यक्ष अजय चतुर्वेदी के नेतृत्व में कारोबारी डीएम सर्वज्ञराम मिश्र से मिले। डीएम ने मामला सुलझाने को लेकर मंडी समिति के डिप्टी डायरेक्टर व सिटी मजिस्ट्रेट को व्यापारियों संग वार्ता के लिए कमेटी गठित कर दी।
सुविधा कुछ नहीं, आए दिन परेशान करते हैं मंडीकर्मी
मथुरा। मंडी कारोबारियों ने मंडी प्रशासन पर कारोबारियों को सुविधाएं उपलब्ध न कराने और आए दिन परेशान करने का आरोप लगाया। कारोबारियों का कहना है कि मंडी में निरंतर सफाई नहीं होती और खुले में पशु घूमते रहते हैं।
इनसे फल व सब्जी को बचाना मुश्किल हो रहा है। फल सब्जी कारोबारी गोरा कहते हैं कि सफाईकर्मी सफाई नहीं करते। मंडी में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। नवीन, महादेव कहते हैं कि मंडी गेटों पर कैटल कैचर नहीं लगवाए गए हैं।
इनसे फल व सब्जी बचाना मुश्किल हो रहा है। इस्लाम, अबरार, विनोद कहते हैं कि आए दिन मंडी प्रशासन कारोबारियों को व्यापार करने को समुचित जगह उपलब्ध नहीं करा पा रहा और आए दिन अतिक्रमण हटाने से लेकर परेशान करते रहते हैं। सईद व लाला कहते हैं कि मंडी समिति में अव्यवस्थाओं का आलम है। मंडी प्रशासन सुनने को तैयार नहीं है।