कमिश्नर चंद्रकांत और डीआईजी महेश मिश्रा ने शुक्रवार को उच्च अधिकारियों और सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ चुनावी तैयारियों की समीक्षा की।
कलक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक के दौरान मंडलायुक्त ने सेक्टर मजिस्ट्रेटों से कहा कि वे अपने क्षेत्रों का चेक लिस्ट के आधार पर सघन निरीक्षण करें। विधानसभा का चुनाव अत्यन्त संवेदनशील और महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि साधारण परिस्थितियों में मतदान से पूर्व तथा मतदान के बाद आवागमन मार्ग न बदला जाय।
डीआईजी महेश मिश्रा ने कहा कि सभी अधिकारी, कर्मचारी एक यूनिट के रूप में काम करें। शस्त्र लाइसेंस धारियों से शस्त्र जमा कराएं। जेलों में कड़ी सुरक्षा और चेकिंग कराएं। डीएम नितिन बंसल ने अब तक की तैयारियों से अवगत कराया। एसएसपी मोहित गुप्ता ने बताया कि आचार संहिता लगते ही 73.10 लाख रुपये पकडे़ हैं। 7.50 किलो ड्रग्स और पैंतीस सौ लीटर शराब जब्त की है।
बैठक में सीडीओ मनीष कुमार वर्मा, विप्रा उपाध्यक्ष चन्द्रप्रकाश, एडीएम प्रशासन अजय अवस्थी, एडीएम कानून व्यवस्था रमेश चन्द, एडीएम वित्त रवींद्र कुमार, सचिव विप्रा विजय कुमार, नगर मजिस्ट्रेट रामअरज यादव, प्रशिक्षु आईएएस अनुनय झा आदि मौजूद रहे।
निर्वाचन आयोग ने दिए दिशा-निर्देश
वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से शुक्रवार को मुख्य निर्वाचन आयोग ने डीएम, सीडीओ, एडीएम वित्त सहित सभी एसडीएम को आचार संहिता से लेकर अन्य सभी चुनावी व्यवस्थाओं को लेकर दिशा-निर्देश दिए।