मथुरा। जिस बैंक में 38 साल तक सेवाएं दी, उसी की शाखा में 10 रुपये के नोट की नई गड्डी लेने पहुंचे सेवानिवृत्त अधिकारी को अपमानजनक व्यवहार का सामना करना पड़ा। मामला भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की मुख्य शाखा का है, जहां 21 अक्तूबर को बैंक के पूर्व अधिकारी और अधिकारी संघ आगरा के क्षेत्रीय सचिव रहे अनिल कुमार जैन से अभद्रता की गई। उन्होंने शाखा के मुख्य प्रबंधक पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की है।
अनिल कुमार जैन ने बताया कि उन्हें 10 रुपये के नए नोटों की एक गड्डी चाहिए थी। इसके लिए उन्होंने 6, 12 और 15 अक्तूबर को आरबीओ के मुख्य प्रबंधक (प्रशासन) को ई-मेल भेजकर मुख्य शाखा से नोट उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। जवाब नहीं मिलने पर 16 अक्तूबर को फोन किया। इस पर उन्हें शाखा आने और नोट मिलने का आश्वासन दिया गया।
इसी भरोसे पर वे 21 अक्तूबर को दोपहर करीब 3:10 बजे मुख्य शाखा पहुंचे। उनका आरोप है कि उन्होंने मुख्य प्रबंधक को विजिटिंग कार्ड दिया और बैठने की अनुमति मांगी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। नए नोट मांगने पर कथित तौर पर उन्हें अगले सप्ताह आने के लिए कहा गया। उन्होंने बार-बार शाखा आने में असमर्थता जताते हुए गड्डी देने का आग्रह किया। उनका आरोप है कि इस पर नोट उपलब्ध न होने की बात कह दी गई। इसके बाद जब उच्च अधिकारियों से शिकायत करने के लिए कहा तो कहीं भी शिकायत करने की बात कहते हुए अभद्रता की गई।
उन्होंने बताया कि इस मामले में तीन अधिकारियों को ई-मेल से शिकायत की है। इस संबंध में एसबीआई मुख्य शाखा के सहायक महाप्रबंधक किशोर कुमार का कहना है कि बैंक में उनके साथ कोई अभद्रता नहीं की गई थी। उस दिन का लेन-देन बंद हो गया था, इसलिए उनसे अगले दिन गड्डी आकर लेने की बात कही थी। इसपर वह उच्चाधिकारियों से शिकायत करने की बात कहकर चले गए थे।