वृंदावन। नगर में वाहन चोरी कर उन्हें काट कर बेचने वाले गिरोह के तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से वाहन, तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस ने शनिवार प्रात: करीब चार बजे जिला संयुक्त अस्पताल के निकट से चंद्रनगर मथुरा निवासी राजा पुत्र सुशील चंद्र शर्मा, जयसिंहपुरा निवासी भोला पुत्र चंद्रप्रकाश व सन्नी उर्फ मोईन पुत्र पप्पू खान को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने एक कटा हुआ ऑटो, दो चोरी की मोटरसाइकिल, एक तमंचा एवं दो कारतूस बरामद किए हैं।
मथुरा गेट पुलिस चौकी प्रभारी राजवीर सिंह का कहना है पकड़े गए शातिर चोर हैं। यह लंबे समय से नगर में वाहनों की चोरी कर उनका सामान निकालकर सस्ते दामों पर बेचते हैं। इनके पास से एक कटा हुआ ऑटो भी बरामद हुआ है। तीनों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।