मथुरा। कृष्णानगर चौकी क्षेत्र स्थित जैन मंदिर के पास बने मोर्चा में तैनात पुलिसकर्मी।
- फोटो : mathura
मथुरा। भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध की आशंका को लेकर सीमा पर सैनिक मुस्तैद है, वहीं देश के अंदर की सुरक्षा संभालने वाली सुरक्षा एजेंसी भी अपना कार्य कर रही हैं। पुलिस लगातार संदिग्धों को पकड़ने के लिए चेकिंग अभियान चला रहा है।
हरियाणा और राजस्थान की सीमा से जुड़ा होने के कारण मथुरा में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस हरियाणा और राजस्थान से आने वाले प्रत्येक वाहन को बॉर्डर पर चेकिंग के बाद ही अंदर प्रवेश करने दे रही है। इसके अलावा जिन मार्गों पर लोगों का आवागमन अधिक रहता है, वहां वाहनों की चेकिंग कराई जा रही है। क्यूआरटी तैनात की गई। लोगों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है ताकि युद्ध होने पर किसी प्रकार की परेशानी न आए।
हाईवे पर बंकर और मोर्चा बनाए गए हैं। महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। सीमा पर जिस तरह सेना हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है, ठीक उसी तरह जिले में पुलिस भी प्रत्येक स्थिति से निपटने को तैयार हैं। सभी होटल और धर्मशाला स्वामियों को बिना आईडी के कमरा न देने के निर्देश दिए गए हैं। डीएसपी के नेतृत्व में सभी थाना एवं चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त कर रहे हैं। गश्त के दौरान वह लोगों से बातचीत कर रहे हैं और संदिग्ध गतिविधि की तुरंत जानकारी देने की अपील भी कर रहे हैं।