कोसीकलां (मथुरा)। उत्तर भारत के प्रमुख भरत मिलाप मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। रविवार को श्री रामलीला संस्थान के कैलेंडर के विमोचन के साथ मेले के कार्यक्रमों की घोषणा की गई। 17 सितंबर को झंडा पूजन की सवारी निकाली जाएगी। ऐतिहासिक भरत मिलाप मेला 3 अक्तूबर को होगा।
अग्रवाटिका में आयोजित कार्यक्रम का आरंभ मुख्य अतिथि मोनी बाबा, संजीव जाविया, देशबंधु अग्रवाल, रमेश अग्रवाल, हरीशंकर अग्रवाल, जतिन अग्रवाल आदि ने मंत्रोच्चार के बीच कैलेंडर का विमोचन कर रामलीला के कार्यक्रमों की घोषणा की।
शुभारंभ के समय चेयरमैन धर्मवीर अग्रवाल, मंत्री प्रतिनिधि नरदेव चौधरी, कमल किशोर वार्ष्णेय, वेदप्रकाश गोयल, मेला आचार्य मोरमुकट शास्त्री, लीला निर्देशक सत्यनारायण पुरोहित, समन्वयक हरेंद्र ठाकुर, अध्यक्ष अजय मंगला, मंत्री अन्नू वैध, संयोजक अजय गोयंका, विवेक अग्रवाल मौजूद रहे।
मेला अध्यक्ष अजय मंगला ने बताया कि 19 सितंबर को रावण महाराज की सवारी, 20 को गणेश सवारी तथा नारद मोह लीला का मंचन होगा। 25 सितंबर को राम बरात एवं भरत मिलाप चौक पर जनकपुरी सजाई जाएगी। कार्यक्रम में तरुण सेठ, विष्णु शर्मा, जगदीश शर्मा सुपानिया, मदन चौधरी, होती चौधरी, भगवत रूहेला, रामकिशन, विजेंद्र मंगला आदि थे।
गोमती सरोवर पर लगेगा मेला
30 सितंबर को मेला गोमती सरोवर पर आयोजित किया जाएगा। जहां डोंगा लीला एवं भगवती मंदिर पर लंका दहन, एक अक्तूबर को रात्रि में मां काली की रौद्र रूप की सवारी एवं अहिरावण वध लीला, 2 को विजयादशमी पर्व पर अनाज मंडी परिसर में भव्य दशहरा मेला एवं रावण के पुतले का दहन होगा। उन्होंने बताया कि 3 अक्तूबर को उत्तर भारत का प्रमुख भरत मिलाप मेला होगा।