क्षय रोग को लेकर लोगों में फैली भ्रांतियों को अब कथावाचक अनिरुद्धाचार्य दूर करेंगे। इसके लिए जिला क्षय रोग अधिकारी ने कथावाचक से मुलाकात की। साथ ही उनसे अपनी कथा के माध्यम से बीमारी के इलाज और भ्रांतियों को दूर करने की मांग की। इस पर कथावाचक ने उन्हें सहयोग का आश्वासन दिया है।
मथुरा के जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. संजीव यादव अपने अधीनस्थों के साथ मंगलवार को वृंदावन स्थित कथा वाचक अनिरुद्धाचार्य के आश्रम पहुंचे। यहां उन्होंने कथावाचक को भारत सरकार के प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान की जानकारी दी। साथ ही बताया कि टीबी की बीमारी को लेकर अभी लोगों में कई तरह की भ्रांतियां हैं। जबकि टीबी लाइलाज बीमारी नहीं है। यदि मरीज पूरा कोर्स करे तो यह बीमारी जड़ से खत्म हो सकती है।
विज्ञापन
उन्होंने कथावाचक अनिरुद्धाचार्य से कहा कि इन भ्रांतियों को दूर करने के लिए वह अपनी कथा में लोगों को बीमारी से बचाव के बारे में जानकारी दें। उन्होंने कहा कि धर्मगुरुओं का साथ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में प्रभावी भूमिका निभाएगा। धार्मिक आस्था और सामाजिक चेतना के समन्वय से जिला क्षयरोग मुक्त जनपद बन सकता है। उन्होंने बताया कि टीबी की जांच और इलाज निशुल्क है।
समन्वयक आलोक तिवारी व अखिलेश तिवारी ने बताया कि सरकार की ओर से मरीजों को पोषण किट निशुल्क प्रदान की जाती है। कथावाचक अनिरुद्धाचार्य ने लोगों में फैली भ्रांतियों को दूर करने, इलाज की जानकारी देने और इलाज कराने की सलाह देने का आश्वासन दिया। इस दौरान साजिद बेग, लोकेश, अंकित शुक्ला, धर्मेंद्र गुप्ता आदि मौजूद रहे।