मलूक पीठाधीश्वर राजेंद्र दास महाराज के साथ कथा प्रवक्ता इंद्रेश उपाध्याय महाराज
बरसाना। माता जी गोशाला में रविवार को श्री गिरधरगोपाल के ब्याहुला उत्सव का शुभारंभ हुआ। कथा प्रवक्ता इंद्रेश उपाध्याय ने कहा कि बरसाना की धरा पर कथा का अवसर जन्मों का सौभाग्य है।
राधारानी के जयघोष के साथ गिरधरगोपाल ब्याहुला उत्सव की विधिवत शुरुआत हुई। मान मंदिर और माता जी गोशाला के अध्यक्ष रमेश बाबा ने दीप प्रज्ज्वलित कर आयोजन का शुभारंभ कराया। प्रथम दिवस निकुंज से अष्टसखियों का आगमन हुआ और भानु भवन में लाडली जी के प्राकट्य बधाई महोत्सव का आयोजन किया गया। भजनों पर भक्त भाव विभोर होकर झूमते रहे। रमेश बाबा ने कहा कि गिरधर ही राधा हैं और राधा ही गिरधर हैं। यह ब्याहुला उत्सव केवल आयोजन नहीं, बल्कि लाडली जी की जीवंत उपस्थिति का प्रमाण है।
मलूक पीठाधीश्वर राजेंद्र दास ने कहा कि ठाकुरजी का ब्याहुला उनके जीवन का सबसे आनंदमय उत्सव है। कार्यक्रम में विनोद बाबा, भागवत भास्कर श्री कृष्ण शास्त्री, माहित अग्रवाल, सहित अनेक संत, सेवायत और श्रद्धालु उपस्थित रहे। संवाद