चौमुहां। गांव बिलौठी में एक व्यक्ति ने अपनी कृषि भूमि पर दोबारा अवैध कब्जा करने की कोशिश का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से कार्रवाई की मांग की है। साथ ही पीड़ित ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता का कहना है कि राजस्व विभाग और पुलिस की जांच में आरोप सही पाए जाने और प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाए जाने के बावजूद आरोपी फिर से जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है।
मथुरा स्थित राधापुरम एस्टेट निवासी राजेश माहेश्वरी ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनकी कृषि भूमि राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के पास है। सामने स्थित भूमि राष्ट्रीय राजमार्ग के छह लेन निर्माण के लिए वर्ष 2013 में अधिग्रहित हो चुकी थी और संबंधित व्यक्ति को उसका मुआवजा भी मिल चुका था। इसके बावजूद आरोपी ने कथित रूप से फर्जी अभिलेखों के आधार पर भूमि का दूसरे व्यक्ति के नाम बैनामा करा दिया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, मामले की शिकायत मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल सहित विभिन्न अधिकारियों से की गई थी। राजस्व विभाग और पुलिस की जांच में प्रथम दृष्टया शिकायत सही पाई गई। इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए अवैध अतिक्रमण हटवा दिया। आरोप है कि आरोपी फिर से जमीन पर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहा है।