मथुरा। जनपद की 698 में से 604 देशी-विदेशी शराब, बीयर और भांग के ठेकों का लाइसेंस रिन्यू कर दिया गया है। शेष बचीं 94 दुकानों का पुनर्स्थापन 16 फरवरी को लॉटरी पद्धति से किया जाएगा। इसमें अकेली भांग की दुकान गोवर्धन में रिक्त है।
सहायक आबकारी आयुक्त ओमवीर सिंह ने बताया कि 7.5 फीसदी एक्साइज वृद्धि के साथ सभी दुकानों को पुराने लाइसेंसधारकों के नाम रिन्यू किया जा चुका है। अब शेष बची 94 देशी-विदेशी शराब और बीयर की दुकानों के साथ गोवर्धन में भांग के ठेके का पुनर्स्थापन लॉटरी पद्धति से किया जाना है। इसके लिए तीन फरवरी से प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। 16 फरवरी को लॉटरी पद्धति से यह दुकानें नए लाइसेंसधारकों को दे दी जाएंगी। सहायक आबकारी आयुक्त ने बताया कि कोरोना के चलते इस बार बीयर की दुकानों पर एक्साइज ड्यूटी में वृद्धि नहीं की गई है। हालांकि बीयर की मांग भी घटी है। क्योंकि पिछले लंबे समय तक कोरोना महामारी के चलते लोग शीतल पेय से लोग बच रहे हैं, लेकिन इसके बाद भी आबकारी विभाग शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य कर रहा है।