फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mathura News: सौंदर्यीकरण के बाद निखर उठेगा अक्रूर घाट

विज्ञापन
अक्रूर धाम।
विज्ञापन
वृंदावन। अक्रूर घाट का स्वरूप बदलने जा रहा है। यमुना नदी के दाहिने तट पर स्थित इस पौराणिक घाट के सौंदर्यीकरण के लिए प्रदेश सरकार ने 6.35 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दी है। प्रथम चरण में 3.17 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। परियोजना पूरी होने के बाद यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आस्था के साथ आधुनिक सुविधाओं का अनुभव मिलेगा।
विज्ञापन


प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि अक्रूर घाट का धार्मिक और पौराणिक महत्व है। यहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। परियोजना के तहत घाट पर पांच मीटर चौड़ा स्नान प्लेटफॉर्म तैयार किया जाएगा। नई सीढ़ियां और पटरा बनाए जाएंगे, जिन पर लाल पत्थर लगाया जाएगा। घाट की मजबूती के लिए 30 मीटर लंबाई में 14 मीटर और 5 मीटर गहराई तक शीट पाइलिंग की जाएगी। दोनों शीट पाइल को जोड़ने के लिए हर 3 मीटर पर 45 एमएम व्यास की एंकर बार लगाई जाएगी। इसके अलावा 5 मीटर चौड़े स्नान प्लेटफॉर्म का निर्माण होगा। जल उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 220 मीटर लंबा चैनल भी खोदा जाएगा। अपस्ट्रीम और डाउनस्ट्रीम हिस्सों में स्लोप पिचिंग का कार्य कराया जाएगा।


पौराणिक महत्व है घाट का
अक्रूरजी श्रीकृष्ण और बलराम को लेकर मथुरा जा रहे थे। तब इसी स्थान पर यमुना स्नान के दौरान उन्हें भगवान के दिव्य स्वरूप के दर्शन हुए थे। इसी से इस घाट का नाम अक्रूर घाट पड़ा और यह श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र है। अक्रूर घाट रेलवे स्टेशन से 16 किलोमीटर और नए बस स्टैंड से 15 किलोमीटर की दूरी पर है।
विज्ञापन


उमड़ती है भारी भीड़
पर्यटन विभाग के अनुसार कृष्ण जन्माष्टमी, राधा अष्टमी और रंगोत्सव के दौरान लाखों श्रद्धालु मथुरा-वृंदावन पहुंचते हैं। रंगोत्सव-2026 के प्रमुख आयोजनों में 44 लाख से अधिक श्रद्धालु और पर्यटकों के ब्रज आगमन का दावा किया गया है। वर्ष 2025 में 10.24 करोड़ से अधिक पर्यटक मथुरा पहुंचे थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें