चौमुहां। थाना जैंत के गांव बाटी में रंजिश के चलते दबंगों ने एक घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस ने सुनवाई नहीं की। इस कारण उन्होंने न्यायालय की शरम ली, जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
गांव बाटी निवासी सोनू ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनका गांव के ही चेतराम और उनके परिवार से कानूनी विवाद चल रहा है। सोनू इस मामले में मजबूती से पैरवी कर रहे थे, जिससे नाराज होकर विपक्षी लोग रंजिश रखने लगा। आरोप है कि 17 नवंबर 2025 की रात करीब 8 बजे जब सोनू के भाई कृष्णा और उनकी पत्नी हेमलता घर पर थे, तभी आरोपी जयपाल, चेतराम, राजपाल और धीरज हाथों में लाठी-डंडे लेकर घर में घुस आए। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए कृष्णा पर हमला कर दिया। जब कृष्णा जान बचाने के लिए सीढ़ियों की ओर भागे, तो आरोपियों ने उसे पकड़कर नीचे फेंक दिया। इसी बीच सोनू ड्यूटी से घर पहुंचे और भाई को बचाने का प्रयास किया, तो दबंगों ने उन्हें भी बुरी तरह पीटा।
सोनू का आरोप है कि घटना के बाद घायल कृष्णा को बेहोशी की हालत में थाने ले गए, लेकिन पुलिस ने न तो रिपोर्ट दर्ज की और न ही घायल का मेडिकल कराया। पीड़ित ने न्यायालय में गुहार लगाई। न्यायालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी जैंत को प्राथमिकी पंजीकृत कर विवेचना के आदेश दिए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।