मथुरा। आखिरकार १२ दिन बाद वेटरनेरी विवि के छात्रों की हड़ताल वापस होने के बाद छात्र-छात्राएं अपनी कक्षाओं में पहुंच गए। विवि प्रशासन के आश्वासन पर छात्रों ने हड़ताल बंद कर सशर्त काम प्रारंभ कर दिया। छात्रों और विवि प्रशासन के बीच हुई वार्ता में इंटर्नशिप बढ़ाये जाने के मुद्दे पर आगे काम करने के लिए विवि के तीन प्रोफेसर की एक कमेटी बनाने तथा हड़ताल के दौरान छात्रों को कोई भी नुकसान न होने पर सहमति बनी।
२ अप्रैल से इंटर्नशिप के मुद्दे को लेकर विवि के वीवीएससी व एमवीएससी के छात्रों ने हड़ताल कर दी थी। करीब ३०० से अधिक छात्रों ने क्लीनिकों तथा कक्षाओं में जाना बंद कर दिया था। उनकी मांग थी कि इंटर्नशिप की धनराशि को बढ़ाया जाए। विवि प्रशासन लगातार छात्रों को हड़ताल खत्म करने का प्रयास कर रहा था।
बुधवार को डीएसडब्लूु विकास पाठक से छात्रों के प्रतिनिधि मंडल (करीब 20 छात्र) से बातचीत की। इसके बाद से छात्र अपनी कक्षाओें में चले गए। विवि डीन पंकज कुमार शुक्ला ने बताया कि हम छात्रों के हित के लिए पहले भी बातचीत कर रहे थे और अब भी लगातार प्रयास करते रहेंगे। छात्रों ने कक्षा लेना प्रारंभ कर दिया है। इन शर्तों पर हुई हड़ताल समाप्त हुई है।