वृंदावन (मथुरा)। 27 जून को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का वृंदावन दौरा सुनिश्चित हो गया है। इसके बाद प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो गईं हैं। पुलिस और खुफिया विभाग सक्रिय हो गया है। बुधवार को डीएम, एसएसपी और नगर आयुक्त ने कृष्णा कुटीर का निरीक्षण कर सुरक्षा व अन्य इंतजामों का जायजा लिया।
राष्ट्रपति के तय कार्यक्रम के दृष्टिगत डीएम नवनीत सिंह चहल, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर और नगर आयुक्त अनुनय झा बुधवार को कृष्णा कुटीर पहुंचे। अधिकारियों ने कृष्णा कुटीर का अंदर से निरीक्षण किया। वहीं कृष्णा कुटीर के समीप बन रहे हेलीपैड स्थल का भी स्थलीय निरीक्षण कर कार्य को तेजी से पूरा करने के आदेश दिए हैं।
कार्यक्रम को लेकर एसएसपी ने अधिकारियों के साथ ही सीएमओ को भी चिट्टी लिखकर विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम को एंबुलेंस सहित व्यवस्था करने को कहा है। डीएम ने कहा कि शासन से विधिवत कार्यक्रम आने का इंतजार किया जा रहा है।
श्रीबांकेबिहारी मंदिर प्रबंधन भी तैयारियों में जुटा
राष्ट्रपति, राज्यपाल व मुख्यमंत्री के 27 जून को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर प्रबंधन भी तैयारियों में जुट गया है। मंदिर प्रबंधक मुनीष शर्मा ने बताया कि मंदिर में तैयारियां शुरू कर दी गईं हैं। राष्ट्रपति के स्वागत के लिए रेड कारपेट बिछाया जाएगा। वहीं मंदिर के अधिकारियों और कर्मचारियों के आई कार्ड बनाने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।