मथुरा। रोडवेज ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए नए बस स्टैंड और आईएसबीटी से कानपुर, नोएडा, हापुड़, उरई और लखनऊ मार्गों पर अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू कर दिया है। सोमवार को कानुपर के लिए 20 बसें गईं। इसके अलावा अन्य शहरों में तीन-तीन बसों को भेजा गया।
नए बस स्टैंड के स्टेशन अधीक्षक संतोष अग्रवाल ने बताया कि यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, खासकर इन चार रूटों पर। दिल्ली-एनसीआर और पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर करीब 900 यात्री रोजाना सफर करते हैं। अतिरिक्त बसें नहीं मिलने से अब तक यात्रियों को परेशान होना पड़ रहा था। यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू किया गया है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में 160 सामान्य बसें और 8 ई-बसें संचालित हो रही हैं। सभी बसों को मार्गाें पर चलाया जा रहा है। चालक-परिचालकों को भी सख्त निर्देश दिए गए हैं। एआरएम मदन मोहन शर्मा ने बताया कि इन चारों मार्गों पर यात्रियों की संख्या बढ़ी है। यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक सफर उपलब्ध कराने के लिए यह कदम उठाया गया है। अतिरिक्त बसें आईएसबीटी और नए बस स्टैंड से संचालित होंगी।