वृंदावन। श्रीबांकेबिहारी मंदिर के निकास द्वार पर श्रद्धालुओं और सुरक्षाकर्मियों के बीच हुई मारपीट में पुलिस ने दोनों पक्षों के नौ लोगों पर शांति भंग में कार्रवाई की। पुलिस ने चार सुरक्षाकर्मियों और पांच दुकानदारों पर कार्रवाई की। इसको लेकर कोतवाली में जमकर हंगामा हुआ।
श्रीबांकेबिहारी मंदिर में रविवार रात को शयन आरती के बाद पट बंद हुए। तभी मंदिर के निकास द्वार एक पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने मंदिर में घुसने का प्रयास कर रहे श्रद्धालुओं को रोकने लगे। इसी बीच सुरक्षा गार्डों ने चंडीगढ़ के श्रद्धालुओं से मारपीट धक्का देकर मंदिर की सीढि़यों से नीचे धकेल दिया। इस दौरान पेड़ा की दुकान कर रहे दुकानदारों मोबाइल से वीडियो बना ली जो कि सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। आरोप है कि वीडियो को डिलीट कराने के लिए मंदिर के सुरक्षा गार्ड पेड़े वाली की दुकान पर पहुंचे और मोबाइल छीन लिए और अभद्रता की।
सुरक्षा गार्ड की ओर से सुरक्षा अधिकारी अटलबाबू यादव ने और दुकानदारों की ओर से नीलम गोस्वामी ने एकदूसरे के विरुद्ध कोतवाली में शिकायती पत्र दिया, लेकिन पुलिस ने दुकानदार योगेश कुमार, पवन कुमार, दीपक, जितेंद्र, जयंत एवं दूसरे पक्ष से राजस्थान सिक्योरिटी सर्विस के सुरक्षा कर्मी सुभाषचंद्र, विश्वेंद्र सिंह, सत्यवीर सिंह, कृष्ण मुरारी के विरुद्ध शांति भंग के मामले में कार्रवाई की है।
कोतवाली में सुरक्षा गार्ड की वर्दी की पोटली छीनी
वृंदावन। बांकेबिहारी मंदिर के सुरक्षा गार्ड और दुकानदारों के बीच वीडियो बनाने को लेकर हुए विवाद में कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सुरक्षा गार्ड की वर्दी उतरवाकर उनको सामान्य कपड़े मंगवाकर पहनवाए। जैसे ही एक सुरक्षा गार्ड विवाद में शामिल चार सुरक्षा गार्ड के पकड़े लेकर जाने लगा। तभी एक व्यक्ति ने उससे वर्दी की पोटली छीन ली, जिससे सुरक्षा गार्ड की वर्दी गिर गई।
-
श्रीबांकेबिहारी के सुरक्षा गार्ड दुकानदारों के बीच हुए विवाद के मामले में दोनों पक्षों के नौ लोगों के विरुद्ध शांतिभंंग में कार्रवाई की है। इस मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पीतम पाल सिंह, सीओ सदर