कोसीकलां। बाईपास पर रहने वाले दंपती ने एक नामजद समेत दो अज्ञात पर पुत्र को अगवा कर मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाया है। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी गाली गलौज करने की शिकायत की है। पुलिस मामले की जानकारी कर रही है।
बाईपास के समीप रहने वाले मोनिका भार्गव व मुकेश भार्गव का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला युवक आए दिन उनके बेटे कपीश को किसी केस में फंसाने की धमकी देते हुए परेशान करता है। सोमवार सुबह पुत्र घर से बाहर गया था। काफी देर तक वापस नहीं आया तो उसकी तलाश की गयी। कपीश शालीमार रोड पर घायल अवस्था में बेहोश मिला। उसे लेकर परिजन थाने गए। वहां पुलिस को अपने पुत्र के साथ हुई घटना की जानकारी दी।
पीड़ित परिजनों ने कार्रवाई की मांग करते हुए एक नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी धमकी देने की तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक संजय त्यागी ने बताया कि दोनों के घर आमने-सामने हैं। किसी बात को लेकर विवाद था। दोनों की शिकायत मिली है, जांच की जा रही है।