फिरोजाबाद। थाना नारखी की ब्रह्मदेव चौकी के समीप गुरुवार देरशाम डीसीएम और कार में भिड़ंत हो गई। हादसे में चार लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल स्थित ट्रॉमा सेंटर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।
नारखी क्षेत्र स्थित जलेसर रोड पर फिरोजाबाद की ओर से तेज रफ्तार जा रही स्विफ्ट डिजायर गाड़ी ब्रह्मदेव पुलिस चौकी के समीप सामने से आ रही डीसीएम से टकरा गई। हादसे की जानकारी होते ही मौके पर काफी लोग पहुंच गए। नारखी के ब्रह्मदेव चौकी प्रभारी गौरीशंकर पटेल ने कार सवार घायलों नारखी ताल्लुका निवासी राजा ठाकुर (26) पुत्र राजकुमार, वीकेश उर्फ बनियां (27) पुत्र खेतपाल, रहीश (35) पुत्र रशीद खां, स्विफ्ट डिजायर का चालक अनेक सिंह को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान वीकेश उर्फ बनियां को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
इधर , पुलिस घायलों के परिजनों को सूचना दे दी। बताते हैं कि कार सवार फिरोजाबाद में किसी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे। तभी हादसा हो गया। थाना नारखी के एसएसआई जितेंद्र सिंह ने बताया कि डीसीएम व कार की भिड़ंत हुई है। डीसीएम का चालक मौके से भाग गया है। गाड़ी को कब्जे में ले लिया है।