आगरा-दिल्ली राजमार्ग पर बुधवार रात में एक ट्रोला अनियंत्रित होकर दुकान मेें घुस गया। हादसे में जनहानि नहीं हुई, लेकिन आधा घंटे तक यातायात अवरुद्ध रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रोला को कब्जे में ले लिया है।
घटना रात करीब साढे़ 11 बजे की है। आगरा की ओर से एक ट्रोला तेजगति से आ रहा था। बाईपास तिराहे पर वह अनियंत्रित होकर सड़क के दूसरी ओर जैन आटोमोबाइल्स की दुकान में जा घुसा। इससे दुकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलने पर दुकान मालिक बाबूलाल जैन तूमौला वाले पहुंचे।
सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। हादसे के बाद हाईवे पर जाम के हालात हो गए। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रोला हटवाकर यातायात सुचारु कराया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि अगर दुर्घटना दिन में होती तो हादसा गंभीर हो सकता था। जिस दुकान में ट्रोला घुसा वहीं पर रोडवेज बस, टेंपो, प्राईवेट का स्टॉपेज है।
बाईपास तिराहे पर सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए प्रशासन से कई बार स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की गई, लेकिन आज दिन तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।