मथुरा/बलदेव। राया-बलदेव मार्ग पर गांव बंदी में दाऊजी कोल्ड स्टोर के पास एसी मिस्त्री का शव संदिग्ध हालात में पानी भरे गड्ढे में मिलने से सनसनी फैल गई। एसी मिस्त्री रविवार की सुबह घर से मथुरा के लिए निकला था। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
थाना बलदेव के गांव बदना निवासी राकेश कुमार (36) पुत्र चोखेलाल पेशे से एसी का मिस्त्री था। रविवार की सुबह करीब 5.30 बजे अपनी बाइक से मथुरा के लिए निकला। अकोस होकर जाने वाले एसी मिस्त्री का शव राया-बलदेव मार्ग पर गांव बंदी में दाऊजी कोल्ड स्टोर के पास पानी भरे गड्ढे में मिला। उसके पास बाइक भी पड़ी मिली।
सूचना पर सुबह पहुंची बलदेव पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। मोबाइल से एसी मिस्त्री की शिनाख्त होने पर परिजनों को सूचित किया गया। थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि युवक के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पता चलेगा। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।