मथुरा। काफी दिनों से गैरहाजिर चल रहे 25 चालक और परिचालकों पर गाज गिर सकती है। गैरहाजिर चालक और परिचालकों की रोडवेज अफसरों ने सूची तैयार करके इन्हें अंतिम बार चेतावनी दी है। ड्यूटी पर न पहुंचने वाले चालक और परिचालकों की संविदा समाप्त की जाएगी।
कोरोना महामारी का डर हर किसी को सता रहा है। इसी डर के चलते रोडवेज में संविदा चालक और परिचालक काफी दिनों से बिना बताए गैरहाजिर हैं। कोई 15 दिन से गैरहाजिर है तो कोई एक सप्ताह से बिना बताए ड्यूटी से नदारद है। रोडवेज के कार्यकारी एआरएम नरेश गुप्ता ने ऐसे चालक और परिचालकों की सूची तैयार कराई है। इन 25 संविदा चालक और परिचालकों को अंतिम बार चेतावनी दी गई है।
इन सभी को सोमवार तक ड्यूटी पर हाजिर रहते हुए बिना बताए गैरहाजिर होने का कारण भी बताना होगा। अगर सोमवार को हाजिर न होने पर इन चालक-परिचालकों की संविदा समाप्त करने की कार्रवाई की जाएगी। मथुरा डिपो के एसएस संतोष अग्रवाल ने बताया कि करीब 25 चालक और परिचालक बिना बताए गैरहाजिर हैं। इन्हें सोमवार को ड्यूटी पर हाजिर होने के साथ ही गैरहाजिर रहने का कारण भी बताना होगा। हाजिर न होने पर इनकी संविदा समाप्त की जाएगी।