मथुरा। प्रधान डाकघर में आधार सेंटर पर नाम सहीं कराने वाले लोगों की लगी भीड़। संवाद
- फोटो : mathura
मथुरा। फार्मर रजिस्ट्री में किसान पंजीकरण कराने के लिए जनसेवा केंद्र से लेकर आधार कार्ड सेंटर तक के चक्कर लगा रहे हैं। बुधवार दोपहर प्रधान डाकघर में आधार कार्ड सेंटर पर किसान आधार कार्ड में नाम सही कराने आए थे। उन्होंने बताया कि खेत में खतौनी में नाम अलग है, इसके कारण उनका आवेदन नहीं हो पा रहा है। कई बुजुर्ग लोगों की अंगुलियों के निशान नहीं मिलान होने से वह नाम को सही कराने को दौड़ रहे हैं।
डाकघर में आधार कार्ड सेंटर संचालक ने बताया कि आधार व खतौनी में दर्ज नाम में भिन्नता होने से लोग प्रतिदिन आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री में पंजीकरण कराने किसान जा रहे हैं, लेकिन नाम में बदलाव के कारण वह आवेदन पूर्ण नहीं हो रहा है। लक्ष्मीनगर से आए किसान श्याम कुमार ने बताया कि उनके आधार में श्याम नाम लिखा है और खतौनी में श्याम सिंह लिखा है, इसके चलते फार्मर रजिस्ट्री में आवेदन नहीं हो पा रहा है। इस कारण पीएम किसान सम्मान निधि भी रुक जाएगी।
गोवर्धन चौराहे के पास रहने वाले विनोद कुमार ने बताया कि उनके खेत के दस्तावेजों में उनका नाम विनोद लिखा है, लेकिन आधार में विनोद कुमार है। इसके चलते उनका फार्मर रजिस्ट्री में पंजीकरण नहीं हो रहा है। जिला कृषि रक्षा अधिकारी सुबोध कुमार ने बताया कि किसानों को खतौनी और आधार में अपना नाम भिन्न न रखें। दोनों में समान नाम होंगे, तभी आवेदन पूर्ण होगा। 31 जनवरी आवेदन की अंतिम तिथि है।
किसानों की बात
आधार में नाम बच्चू है और खेत के दस्तावेज में बच्चू सिंह है। नाम मिलान नहीं होने से फार्मर रजिस्ट्री नहीं हो पा रही है। इसके लिए वह आधार सेंटर पर सही कराने को चक्कर लगा रहे हैं।
- बच्चू सिंह, किसान
आधार कार्ड में रामू कुमार नाम लिखा है, खेत के दस्तावेज में रामू है। नाम को सही कराने के लिए वह आधार सेंटर पर पहुंच रहे हैं लेकिन वहां भीड़ होने के चलते काफी दिक्कत आ रही है।
- रामू कुमार, किसान