मथुरा के थाना बलदेव क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर गांव बरौली (माइल स्टोन-140) के पास सोमवार की रात करीब 1 बजे हादसा हो गया। नोएडा से आगरा होते हुए कानपुर जा रहे बाइक सवार तीन लोगों को किसी वाहन ने चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक वाहन को भगा ले गया। दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक और युवती की मौत हो गई। बाइक चलाने वाला युवक घायल है। पुलिस ने उसे बेहोशी की हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
युवती के साथ युवक की भी मौत
बाइक पर एक युवती और दो युवक सवार थे। इनमें कानपुर के थाना शिवली के एक ही गांव निवासी युवक और युवती की मौत हो गई। जबकि बाइक चालक इसी थाना क्षेत्र के दूसरे गांव निवासी युवक घायल हो गया। उसे आगरा के कृष्णा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
परिजनों ने दी जानकारी
थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है। देर शाम मृतक युवती के परिजन थाना बलदेव पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि युवती की मामी के सहयोग से उसका कन्नौज निवासी भांजा उनकी बेटी को ले गया था।
16 अप्रैल से थे लापता
थाना प्रभारी को बताया कि 16 अप्रैल से दोनों लापता थे। युवती घर से 7 लाख रुपये और दो लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लेकर गई थी। उन्होंने बेटी की शादी के लिए 7 लाख रुपये में खेत बेचा था। इस संबंध में गुमशुदगी थाने में दर्ज कराई गई थी।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गईं लाशें
बताया कि आरोपी युवक नोएडा में एक निजी फैक्टरी में नौकरी करता है। बीती रात वह ड्यूटी पर चला गया। पीछे से बेटी को दो युवकों के साथ बाइक से कानपुर भेज दिया। क्षेत्राधिकारी धर्मेंद्र चौहान ने बताया बाइक सवार युवक व युवती की मौत हो गई है। चालक अस्पताल में भर्ती है। शवों को पीएम के लिए भेजा है। वाहन की तलाश को जानकारी की जा रही है।