मथुरा। हाईवे पर जयगुरुदेव फ्लाईओवर के निकट ट्रक के ब्रेक लगाने से पीछे चल रही कार अनियंत्रित होकर उसमें घुस गई। हादसे में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हाईवे थाना क्षेत्र के राधापुरम स्टेट निवासी गौरव (30) सॉफ्टेवयर इंजीनियर थे। वह शनिवार शाम को अपने दोस्त गोविंदनगर निवासी अंकुर बसंल के साथ कार से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान शनिवार रात आठ बजे जयगुरुदेव फ्लाईओवर के निकट आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे उनकी कार अनियंत्रित होकर पीछे से ट्रक में घुस गई। हादसे के बाद राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने गौरव को मृत घोषित कर दिया। दोस्त अंकुर उपचाराधीन है। हादसे के बाद ट्रक छोड़कर चालक मौके से भाग गया। सीओ अनिल कपरवान ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है। अगर कोई प्रार्थना पत्र आएगा तो कार्रवाई की जाएगी।