सौंख। इंस्टाग्राम पर दोस्त का फोटो लगाने पर छात्र को बदमाशों ने फोन पर जान से मारने की धमकियां दी हैं। आरोप है कि बदमाशों ने गाली गलौज करते हुए घर में घुसकर गोली मारने की बात कही है। पीड़ित छात्र ने थाने में तहरीर दी है और न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
थाना मगोर्रा के गांव कनकू निवासी छात्र कस्बा के महात्मा गांधी स्मारक इंटर कॉलेज में 11वीं कक्षा में अध्ययनरत है। बुधवार को छात्र ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर अपने दोस्त का फोटो अपलोड किया था। इस पोस्ट को लेकर शाम करीब 7 बजे छात्र को एक अज्ञात मोबाइल नंबर से कॉल आई और कॉल करने वाले ने गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकियां दीं। पीड़ित छात्र का आरोप है कि धमकाने वाले ने कहा कि तू 10-12 दिन का मेहमान है बस। तू कहीं भी घूम ले, तुझे घर में घुसकर मारूंगा। दूसरे बदमाश ने इंस्टाग्राम पर वॉइस मैसेज भेजकर कहा कि तुझे तो अब यमराज भी नहीं बचा सकता है।
जानकारी के अनुसार तीन दिन पूर्व पीड़ित छात्र के दोस्त के मथुरा से आते समय नकाबपोश बदमाशों ने जानलेवा हमला किया था। मामले में पीड़ित छात्र ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। सीओ अनिल कुमार सिंह का कहना है कि फोन पर छात्र को जान से मारने की धमकी दी गई है। मामले जांच कर कार्रवाई की जाएगी।