वृंदावन। नए वर्ष में योगी सरकार की तरफ से ब्रजवासियों को सौ-शैय्या अस्पताल के पास एक अत्याधुनिक प्रेक्षागृह की सौगात मिलने जा रही है। इसका निर्माण तेज़ी से चल रहा है। नया प्रेक्षागृह ब्रज की सांस्कृतिक धरोहर को संजोने में मदद करेगा। लगभग 42 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह प्रेक्षागृह ब्रज की कला, संगीत, और पारंपरिक विधाओं का नया केंद्र बनेगा, जिससे इस क्षेत्र को एक नई पहचान मिलेगी।
1000 सीटों वाला यह प्रेक्षागृह ब्रज क्षेत्र के कला प्रेमियों के लिए शानदार मंच बनकर उभरेगा। यहां 1000 दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी जो बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रमों, संगीत महोत्सव और अन्य आयोजनों के लिए आदर्श स्थान साबित होगा। एक भव्य एम्फीथियेटर भी तैयार किया जा रहा है, जो खुले आकाश के नीचे पारंपरिक ब्रज उत्सवों और प्रस्तुतियों के लिए एक आदर्श स्थल होगा। यहां कलाकारों के लिए डोरमेट्री, दर्शकों और पर्यटकों के लिए कैंटीन, पार्किंग की सुविधा भी होगी। परियोजना का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। अंतिम चरण में फिनिशिंग और आंतरिक सजावट का काम चल रहा है।।
ब्रज की कला को निखारने का प्रयास
ब्रज क्षेत्र रासलीला, चरकुला नृत्य और ध्रुपद गायन जैसी कलाओं के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद का मुख्य उद्देश्य इन कलाओं को जीवित रख आधुनिक स्वरूप में दुनिया के सामने पेश करना है। इस ऑडिटोरियम के माध्यम से स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच मिलेगा।