बरसाना। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष समारोह के अवसर पर बरसाना में विजयदशमी पर पथ संचलन का आयोजन किया गया। श्रीजी गार्डन से प्रारंभ हुआ पथ संचलन पीली कोठी, नया बस स्टैंड, मैन बाजार, बाग मोहल्ला, पुराना बस स्टैंड होते हुए श्रीजी गार्डन पर सम्पन्न हुआ। पूरे मार्ग में भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से वातावरण गूंजता रहा।
लगभग 120 स्वयंसेवक गणवेश धारण कर अनुशासित पंक्तियों में कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रहे थे। घोष की ताल पर कदम बढ़ाते स्वयंसेवकों के चेहरे पर राष्ट्रभक्ति और संगठन के प्रति समर्पण की झलक साफ दिखाई दे रही थी। जगह-जगह पुष्पवर्षा और जयकारों से स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता पूजन और शस्त्र पूजन के साथ हुआ। अध्यक्षता पंडित बाबा ने की। बौद्धिक सत्र में जिला प्रचारक कुश ने विचार रखे। इस अवसर पर जिला सह संघचालक घनश्याम, खंड कार्यवाह गौरव शर्मा, नगर सह कार्यवाह रजत गौड़, सह खंड कार्यवाह टीकम सिंह, सह जिला प्रचार प्रमुख हीरालाल, सह जिला शारीरिक प्रमुख सचिन, नंदन लाल शर्मा, खंड संघचालक नरेंद्र अग्रवाल, नगर संघचालक डॉ. सत्यप्रकाश, नगर प्रचार प्रमुख भूपेश आदि मौजूद रहे। संवाद