वृंदावन। वर्षों से उपेक्षित और जर्जर हालत में पड़े जैंत-अकबरपुर से टीएफसी (टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर) तक के मार्ग को अब संवारने की योजना है। शासन से इस सड़क के निर्माण के लिए 2.5 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल गई है। यह कार्य मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण (एमवीडीए) द्वारा कराया जाएगा।
यह मार्ग जैंत और आसपास के क्षेत्रों को सीधे टीएफसी से जोड़ता है, जहां से तीर्थयात्री वृंदावन, गोकुल जैसे पावन स्थलों पर आते जाते हैं। सड़क निर्माण के बाद यहां आने वाले श्रद्धालुओं को न केवल एक सुगम यात्रा मार्ग मिलेगा बल्कि स्थानीय दुकानदारों, होटलों और सेवाओं को भी आर्थिक रूप से लाभ होगा। सिर्फ सड़क निर्माण ही नहीं, एमवीडीए ने इस क्षेत्र को सुनियोजित और पर्यटक अनुकूल बनाने की योजना भी तैयार की है।
सड़क के आसपास के कुछ स्थानों पर हरित पार्क, बैठने की व्यवस्था, और वाहनों के लिए समुचित पार्किंग व्यवस्था भी विकसित की जाएगी। जैंत निवासी रामकुमार शर्मा का कहना है कि यह मार्ग बहुत समय से खराब था। बरसात के दिनों में तो स्थिति और भी खराब हो जाती थी। अब जब सरकार ने पैसा मंजूर कर दिया है तो हमें उम्मीद है कि जल्द ही काम शुरू होगा। दुकानदार सुनील वाजपेयी ने कहा कि ऋसड़क बनने से श्रद्धालु ज्यादा संख्या में आने लगेंगे, जिससे कारोबार में भी तेजी आएगी। एमवीडीए सचिव अरविंद्र द्विवेदी ने बताया कि प्रस्तावित योजना पर मंजूरी मिल गई है। जल्द ही कार्य शुरू कराया जाएगा। संवाद