वृंदावन। श्रीबांकेबिहारी मंदिर में गुल्लक पर बैठे सेवायत गोस्वामी के नौकर को हटाने पर सुरक्षा प्रभारी और सेवायत गोस्वामी भिड़ गए। सेवायत गोस्वामी ने सुरक्षा प्रभारी को चंदन कोठरी में बुलाकर गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में मंदिर के सुरक्षा प्रभारी ने सेवायत गोस्वामी और तीन अन्य के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बांकेबिहारी मंदिर के सुरक्षा प्रभारी अटल बाबू यादव ने कोतवाली में दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि सोमवार को आरोपी मोंटू गोस्वामी ने अपने नौकर को मंदिर की गुल्लक के ऊपर बैठा रखा था। जब सुरक्षा प्रभारी नौकर को गुल्लक के ऊपर से हटाने के लिए गया तो गोस्वामी ने उन्हें रोका और चंदन वाली कोठरी में बुलाया। आरोप है कि वहां मोंटू गोस्वामी ने सुरक्षा प्रभारी से गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और नौकरी से हटवाने की बात कहते हुए धक्का दिया। मंदिर के सुरक्षा प्रभारी ने गोस्वामी और उनके तीन नौकरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस क्षेत्राधिकारी संदीप सिंह ने बताया कि सुरक्षा प्रभारी की तहरीर पर गोस्वामी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। साक्ष्य जुटाए जा रहे है। इसके बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।