मथुरा जिले में सड़कों पर दौड़ रहे अनफिट और ओवरलोड वाहन आम जनता के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। परिवहन विभाग की एआरटीओ (प्रवर्तन) टीम की कार्रवाई महज कागजी आंकड़ों और राजस्व वसूली तक सिमट कर रह गई है। जमीनी स्तर पर सख्ती न होने से ग्रामीण व अंदरूनी इलाकों में बिना फिटनेस, बिना एचएसआरपी और ओवरलोड वाहन बेधड़क दौड़ रहे हैं।
प्रवर्तन टीम विभागीय राजस्व लक्ष्य को हासिल करने के लिए ही सड़क पर उतरती है। आंकड़ों के अनुसार, बीते अक्तूबर माह में 3013 चालान कर 46 लाख रुपये का राजस्व जुटाया गया, जिसमें 112 ओवरलोड गाड़ियों पर कार्रवाई की गई। इन भारी-भरकम आंकड़ों के बावजूद सड़कों पर अनुशासन न दिखना विभाग की ढीली कार्यप्रणाली को उजागर करता है।
अप्रैल से अक्तूबर तक का कुल लेखा-जोखा
कुल चालान संख्या - 29260
कुल सीज वाहन - 1218
कुल शमन शुल्क वसूली - करीब 6.29 करोड़ रुपये
ओवरलोड चालान - 2066
ओवरलोड सीज वाहन - 638
ओवरलोड से वसूला शुल्क - करीब 4 करोड़ रुपये
नोट:-बिना सीट बेल्ट, शराब पीकर वाहन चलाना, प्रदूषण प्रमाण पत्र (पीयूसी) न होना, बिना हेलमेट और बिना एचएसआरपी गाड़ी चलाना आदि के चालान शामिल हैं।
-
नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी वाहन चालक को बख्शा नहीं जाएगा। हाईवे के साथ-साथ अब ग्रामीण और अंदरुनी मार्गों पर भी पुलिस के साथ मिलकर विशेष चेकिंग अभियान चलाकर ओवरलोड और बिना फिटनेस दौड़ रहे वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। - राजेश राजपूत, एआरटीओ (प्रवर्तन)