छाता। दिल्ली–आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह एक कार चालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित चालक ने बदमाशों पर लूटपाट का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने लूट की घटना से इंकार कर, सिर्फ मारपीट का मामला बताया है। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार भूपगढ़, होडल (हरियाणा) निवासी खेमचंद ईको कार में सवारियां लेकर मथुरा जा रहे थे। सुबह करीब पौने सात बजे दिल्ली–आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर पीछे से आ रही एक अर्टिगा कार ने ओवरटेक कर उनकी गाड़ी रुकवा ली। कार रुकते ही कार सवार पांच लोगों ने खेमचंद के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि विरोध करने पर हमलावरों ने तमंचे और लाठी-डंडों से हमला किया तथा उनके गले में फंदा डालकर हाईवे पर घसीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
अचानक हुए हमले से कार में सवार यात्री दहशत में आ गए और चीख-पुकार मच गई। राहगीरों के हस्तक्षेप से किसी तरह चालक की जान बच सकी, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां उनका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। पीड़ित खेमचंद ने दो हमलावरों के नाम हेमराज निवासी राजागढ़ी और सोनू निवासी चंदौरी बताए हैं। पीड़ित के पिता सुरेश कुमार की तहरीर पर नामजद आरोपियों सहित तीन अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं कोतवाली प्रभारी कमलेश सिंह ने लूट की वारदात से इंकार करते हुए इसे सिर्फ मारपीट का मामला बताया है। मामला पंजीकृत कर हमलावरों की तलाश की जा रही है।