कोसीकलां में अयोजित मैच में खिलाडियों से परिचय करते मुख्य अतिथि समीर मावई।
कोसीकलां। 39वें अंतरराज्यीय कोसी आमंत्रण क्रिकेट टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल मैच में गुरुग्राम ने गाजियाबाद को दो विकेट से हरा कर फाइनल में जगह बना ली। दूसरा सेमी फाइनल शनिवार को अलीगढ़ और पलवल के मध्य होगा। हिंदू इंटर कॉलेज के मैदान पर आयोजित मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि नितिन शर्मा एवं गौरव सचदेवा, समीर मावई ने टॉस उछाल कर व खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करके किया।
गुरुग्राम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। गाजियाबाद की टीम ने पहले ओवर में 14 रन बना कर अपने इरादे जता दिए, गुरुग्राम के गेंदबाजों ने 16 रन पर लगातार दो गेदों पर 2 विकेट चटकाकर गाजियाबाद को दबाव में ला दिया। कप्तान गुलजार संधू ने एक छोर से लगातार चौके और छक्के लगाकर अपनी टीम को निर्धारित 20 ओवर में 10 विकेट खो कर 136 रन तक पहुंचा दिया। गुलज़ार संधू ने 75, शरद कुमार ने 14 रन बनाए। आशीष ने 3, अंकित और अचल ने 2–2 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुरुग्राम की टीम ने पहले 6 ओवर में 41 रन पर 3 विकेट खो कर सधी हुई शुरुआत की। बल्लेबाज अंकित चौधरी ने 5 गेंद शेष रहते 15 गेंद पर 29 रन बना कर अपनी टीम को 2 विकेट से जीत दिलाकर फाइनल में पहुंचा दिया। अंकित चौधरी ने 29, जेके ने 25 और भरत रावत ने 21 रन बनाए। डैनी कौशिक और नस्सू खान ने 2–2 योगी और आमिर ने 1–1 विकेट लिए। मैन ऑफ दी मैच गौरव सचदेवा ने अंकित चौधरी को दिया। अंपायरिंग जीतू पंडित और अनिल सागर ने, स्कोरिंग मयंक प्रताप और कमेंट्री देवकी नंदन पांडेय ने की।