मथुरा। थाना कोतवाली क्षेत्र की अम्बाखार कॉलोनी में रविवार को गणेश उत्सव के दौरान तमंचे से की गई हर्ष फायरिंग में निकली गोली छत पर खड़ी किशोरी के पैर में जा घुसी। इससे लोगों में हड़कंप मच गया। फायर करने वाला युवक साथी के साथ भाग निकला।
जानकारी के अनुसार शाम 4:30 बजे अम्बाखार कालोनी में दर्जनों युवक युवतियां नाच गाकर गणेश उत्सव मना रहे थे। आसपास के लोग घर की छत पर खड़े होकर उत्सव का आनंद उठा रहे थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला युवक सौरभ भी अपने दोस्त के साथ उत्सव में शामिल हो गया। लोगों के अनुसार सौरभ के दोस्त ने आते ही तमंचा निकाल कर हवाई फायरिंग शुरू कर दी। इसमें एक गोली छत पर खड़ी चंद्रमोहन शर्मा की 14 वर्षीय पुत्री प्रियंका शर्मा के पैर में जा लगी। छत पर खड़े लोगों में चींख पुकार मच गई । आनन-फानन में परिवारीजन उसे अस्पताल लेकर भागे। हड़कंप के दौरान दौरान सौरभ व उसका दोस्त मौके से भाग निकले। सूचना पर बंगाली घाट पुलिस चौकी प्रभारी मौके पर पहुंच गए। प्रियंका शर्मा की मां देववती ने सौरभ के दोस्त के खिलाफ हर्ष फायरिंग करने व बेटी को गोली मारकर घायल करने की रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कराई है।