वृंदावन। श्रीधाम वृंदावन में हरियाली तीज से शुरू हुआ झूलनोत्सव पूरे यौवन पर है। चहुंओर सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों की धूम मची हुई है। मंदिरों और आश्रमों को फूलों से भव्यतापूर्वक सजाया जा रहा है। जहां ठाकुरजी सुंदर हिंडोलों में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन दे रहे हैं।
इसी क्रम में गौड़ीया, राधावल्लभ, रामानंदी, रामानुज और निंबार्क संप्रदाय में हिंडोला उत्सव धूमधाम के साथ मनाए जा रहे हैं। नगर के प्रमुख राधा श्यामसुंदर, राधारमण, राधा दामोदर, गोविंद देव, रूप सनातन गौड़ीया मठ, चैतन्य गौड़ीया मठ, यशोदानंदन धाम में ठाकुरजी के श्रीविग्रह हिंडोले में विराजित होकर भक्तों को दर्शन दे रहे हैं। श्रावण मास के अंतर्गत हरिनिकुंज स्थित कुंज बिहारी मंदिर में ठाकुर कुंजबिहारी महाराज ने हिंडोले में विराजित होकर भक्तों को दर्शन दिए।