रिफाइनरी। गुड़गांव से किराए पर कार लेकर चले पांच बदमाशों ने पलवल के निकट कार को कब्जे में लेकर चालक को चलती कार से फेंक दिया। सूचना पर मथुरा में शुरू हुई पुलिस चेकिंग के दौरान पांचों कार छोड़कर भाग गए। लेकिन पुलिस ने बीएसएफ के सहयोग से तीन बदमाशों को पकड़ लिया। दो अन्य भागने में सफल रहे।
उत्तराखंड के टनकपुर निवासी विनोद पुत्र लक्ष्मीदत्त अपनी कार को बतौर टैक्सी चलाते हैं। बुधवार सुबह गुड़गांव में इफको चौक से पांच युवकों ने उनकी कार बुक की। वे कार से दिल्ली होते हुए मथुरा की ओर आ रहे थे। करीब साढे़ पांच बजे पांचों युवकों ने तमंचे के बल पर चालक विनोद को कब्जे में ले लिया और उसे चलती कार से फेंक कार लेकर भाग गए। बदहवास चालक ने लूट की जानकारी पलवल पुलिस को दी। पलवल पुलिस की सूचना पर मथुरा पुलिस ने वाहन चेकिंग शुरू की। चेकिंग होते देख बदमाश कोसी से बरसाना मार्ग होते हुए फिर गोवर्धन से हाईवे पर आ गए। वे रिफाइनरी की ओर भाग रहे थे कि औरंगाबाद तिराहे पर सिपाही रामवीर सिंह ने कार देखकर थाना रिफाइनरी पुलिस को सूचना दी। रिफाइनरी पुलिस ने चेकिंग शुरू कर दी। चेकिंग होते देख बदमाशों ने कार को वापस मोड़ा, लेकिन सिपाही रामवीर को आता देख हाईवे पर राधा टाउन के निकट कार छोड़कर जंगल की ओर भागे।
सूचना मिलते ही एसपी सिटी मनोज सोनकर, सीओ रिफाइनरी डॉ. अजयपाल शर्मा, सीओ सदर मुकुल द्विवेदी समेत सर्किल फोर्स ने जंगल में कांबिंग शुरू की। आगे बीएसएफ छावनी में तैनात बीएसएफ जवान और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में तीन बदमाशों को पकड़ लिया। पूछताछ में तीनों ने अपने नाम विक्की ठाकुर निवासी गांव इटौरा थाना जहांगीराबाद बुलंदशहर, शिवबालक सिंह, नरेश उर्फ टोनी निवासीगण जगन्नाथपुरा थाना इकदिल नगर इटावा बताया है। वहीं भागे आरोपी पूरन और अर्जुन निवासीगण जगन्नाथपुरा थाना इकदिल नगर इटावा बताए गए हैं। पकडे़ आरोपियों से एक तमंचा, छह मोबाइल और लाल मिर्च पाउडर बरामद हुआ है।