मथुरा। गोवा एक्सप्रेस के ए-1 कोच का एसी खराब होने से गुरुवार को मथुरा जंक्शन पर भाजपा के कुछ सांसदों ने हंगामा कर दिया। इससे करीब 40 मिनट तक ट्रेन स्टेशन पर खड़ी रही। आगरा में एसी सही कराने का आश्वासन मिलने पर ही ट्रेन को आगे बढ़ाया जा सका।
गुरुवार की शाम 5:58 बजे गोवा एक्सप्रेस ट्रेन रेलवे जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक पर रुकी। ट्रेन के एसी कोच ए-1 से उतरे भाजपा सांसदों और यात्रियों ने स्टेशन पर हंगामा करना शुरू कर दिया। हंगामे का कारण ए-1 कोच का एसी खराब बताया जा रहा था। जीआरपी एवं आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे लेकिन यात्रियों का हंगामा जारी रहा। एसी की खराबी झेलकर जलगांव जा रहे भाजपा सांसद हरीबाबू जावले, रक्षककर्शी, एकनोजी पर्सी के कारण वह हंगामा रोकने में असफल रहे।
हंगामे की सूचना मिलने पर स्टेशन पर मौजूद आलाधिकारी भी पहुंच गए। उन्होंने सांसदों, यात्रियों को समझाने का प्रयास किया। ट्रेन के एसी की आगरा में मरम्मत कराने का आश्वासन देकर बमुश्किल हंगामा शांत कराया गया। इसके बाद ही ट्रेन आगरा की ओर रवाना किया गया। इस दौरान ट्रेन स्टेशन पर लगभग 40 मिनट तक रुकी रही।
दो ट्रेनों के बदले गए प्लेटफार्म
गोवा एक्सप्रेस में एसी की खराबी से हंगामे के कारण ट्रेन करीब तीस मिनट तक स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर खड़ी रही। इससे इसी प्लेटफार्म पर आने वाली अन्य ट्रेनों महाकौशल एक्सप्रेस और जम्मूतवी-जबलपुर एक्सप्रेस के प्लेटफार्म बदलने पडे़। इन्हें प्लेटफार्म नंबर दो और तीन पर लाया गया।
--------------
एसी खराब हुआ था। यह ठीक नहीं हो पाया। यात्रियों का समझा दिया गया कि आगे इसे रिप्लेश कर दिया जाएगा। ट्रेन 40 मिनट स्टेशन पर खड़ी रही।
-भूपिन्दर ढिल्लन, जनसंपर्क अधिकारी, आगरा रेल मंडल