मथुरा। वेटरिनरी विश्वविद्यालय, मथुरा की प्रवेश परीक्षा प्री-2014 (पीवीटी) प्रदेश के पांच शहराें में होगी। 18 मई को होने वाली प्रवेश परीक्षा के लिए विवि ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
वेटरिनरी विश्वविद्यालय द्वारा कॉलेज ऑफ वेटरिनरी साइंस में वीबीएससी एंड एएच डिग्री कोर्स के लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जाता है। इस बार यह परीक्षा मथुरा सहित लखनऊ, कानपुर, इलाहाबाद, बरेली में होगी। इन शहरों में बनाए जा रहे केंद्रों पर पसंद के मुताबिक छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। पीवीटी-प्री-2014 के लिए इस बार 2500 से ज्यादा छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है। यह संख्या पिछले साल आए आवेदनों से ज्यादा बताई जा रही है।
गौरतलब रहे कि वेटरिनरी विश्वविद्यालय पीवीटी का आयोजन दो स्तर पर करता है। प्री-परीक्षा प्रदेश भर में आयोजित होती है, जबकि इसके पासआउट को मेरिट के आधार पर मुख्य परीक्षा के लिए चयनित किया जाता है। मुख्य परीक्षा का केंद्र सिर्फ मथुरा को ही बनाया गया है। जनपद में बाबू शिवनाथ अग्रवाल डिग्री कॉलेज में वेटरिनरी की प्रवेश परीक्षा होगी।
पीजी के लिए भी शुरू हुई प्रवेश प्रक्रिया
मथुरा। वेटरिनरी विवि ने पीजी कोर्सेज के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत वर्तमान में आवेदन मांगे जा रहे हैं। विश्वविद्यालय के अधीन कॉलेज ऑफ वेटरिनरी साइंस में 18 विषयों के अंतर्गत स्नातकोत्तर डिग्री कोर्सेज संचालित हैं। इसमें आवेदन की अंतिम तिथि सात जून है।