मथुरा। समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद के लिए खुले सरकारी क्रय केंद्र किसानों को रास नहीं आ रहे हैं। वो अपना गेहूं इन केंद्रों पर न ले जाकर खुले बाजार में बेच रहे हैं। ये ही वजह है कि दस दिन गुजरने के बाद भी अभी तक खरीद कार्य का श्रीगणेश भी नहीं हो सका है।
गेहूं खरीद के लिए इस बार सरकार की अलग-अलग एजेंसियों सहित भारतीय खाद्य निगम ने 85 क्रय केंद्र खोले हैं। इसमें मार्केटिंग के चार, पीसीएफ के 76, कर्मचारी कल्याण निगम का एक, यूपी स्टेट एग्रो के तीन और एफसीआई का एक खरीद केंद्र है।
अफसरों के दावों के अनुसार ये क्रय केंद्र एक अप्रैल से अस्तित्व में आ गए। लेकिन अभी तक किसी भी केंद्र पर एक तोला गेहूं भी नहीं खरीदा जा सका है। इसकी वजह अधिकारी खुले बाजार में गेहूं की कीमत अधिक होना बता रहे हैं जबकि हकीकत उनके इस दावे की हवा निकाल रही है।
.............................
खरीद नीति में बदलाव भी वजह
मथुरा। सरकार ने इस बार अपनी खरीद नीति में बदलाव करते हुए क्रय केंद्रों पर किसानों से सीधे खरीद की व्यवस्था की है। जबकि बीते साल आढ़तियों के माध्यम से गेहूं की खरीद का कार्य किया गया था। सरकारी व्यवस्था पर किसान भरोसा करने की बजाय खुले बाजार में गेहूं की बिक्री करना ज्यादा बेहतर समझ रहे हैं।
........................................
दावे में कितना दम
सरकारी क्रय केंद्रों पर किसानों को खासी असुविधाओं का सामना करना पड़ता है। भुगतान चेक से होने के चलते तीन दिन बाद पैसा हाथ में आता है। जबकि खुले बाजार में तत्काल पैसा मिलता है। हमारा गेहूं गुुरुवार को अनाज मंडी में 1400 रुपये प्रति क्विंटल की दर से बिका है।
- हुकुम सिंह, किसान गांव खामनी।
------------------------------------
हमने समर्थन मूल्य 1400 रुपये प्रति क्विंटल पर सरकारी खरीद की सभी व्यवस्थाएं कर ली हैं। फिलहाल खुले बाजार में गेहूं की कीमत अधिक होने के चलते खरीद केंद्रों पर खरीद का कार्य शुरू नहीं हो सका है।
- रामबक्श, डिप्टी आरएमओ, खरीद के नोडल प्रभारी, मथुरा।