मथुरा। नगर पालिका और एमवीडीए द्वारा होलीगेट समेत अन्य प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण के काम सुनियोजित ढंग से होंगे। इसके लिए डिस्ट्रिक्ट कमेटी गठित कर दी गई है। विकास कार्यों का क्रियान्वयन कराने से पूर्व कार्यदायी संस्था और विभाग को इस कमेटी से राय लेनी होगी।
तमाम योजनाओं में करोड़ों रुपया बहाने के बाद भी कान्हा की नगरी की हालत में सुधार होता नहीं दिख रहा है। शहर में महानगरों के लिए बनाई गई जवाहर लाल नेहरू नेशनल अर्बन रिनुअल मिशन जैसी योजना लागू है तो मेगा डेस्टिनेशन समेत अन्य स्कीमों में भी काम चल रहा है। वृंदावन में वृंदावन विकास योजना समेत अन्य योजनाओं के काम हुए हैं तो कई कार्य प्रगति पर हैं।
बावजूद इसके मथुरा और वृंदावन नगर की दशा जस की तस बनी है। इसका सबसे बड़ा कारण है विभागों में आपसी तालमेल का अभाव और मनमाने ढंग से काम कराना माना गया है। इसके चलते एक विभाग सड़क बनाता है तो दूसरा उसे खोदने में संकोच नहीं करता। अब ऐसा नहीं होगा। इस समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने जिला स्तरीय कमेटी का गठन कर दिया है। कमेटी पालिका एवं एमवीडीए द्वारा हाल ही में प्रस्तावित होलीगेट समेत अन्य चौराहों के विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य पर अपनी राय देगी।
------------
कमेटी में होगा ट्रैफिक आर्किटेक्ट
मथुरा। जिला स्तरीय कमेटी में एसपी सिटी ओमवीर सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट मुनींद्र नाथ उपाध्याय, एमवीडीए के मुख्य अभियंता वीके गोयल, पीडब्लूडी के अधीक्षण अभियंता, नगर पालिका मथुरा एवं वृंदावन के ईओ के साथ एक निजी आर्किटेक्ट भी शामिल हैं। यह विकास कार्यों के दौरान ट्रैफिक मैनेजमेंट पर अपनी सलाह देगी।
--------------------------
नगर पालिका एवं एमवीडीए द्वारा होलीगेट समेत अन्य चौराहों के सौंदर्यीकरण का काम होना है। जिलास्तरीय कमेटी इन प्रस्तावों का अध्ययन कर राय देगी। कोशिश की जाएगी कि निर्माण के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रहे।
- विशाल चौहान, जिलाधिकारी