मथुरा। मेगा डेस्टीनेशन योजना के अंतर्गत परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण में महाविद्या कॉलोनी के बाश्ंिादों ने भेदभाव का आरोप लगाया है। उन्होंने गुरुवार को कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम के सहायक अभियंता का घेराव कर जमकर हंगामा किया। इस संदर्भ में क्षेत्रीय विधायक प्रदीप माथुर ने भी डीएम से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है।
परिक्रमा मार्ग महाविद्या कॉलोनी में मेगा डेस्टीनेशन योजना के तहत काम किया जा रहा है। महाविद्या कॉलोनी में स्थानीय लोगों ने परिक्रमा मार्ग में सेप्टिक टैंक का निर्माण कर लिया है, जो आम रास्ते से ऊंचे भी हैं। यहां चौड़ीकरण के दौरान परिक्रमा मार्ग में बने सेप्टिक टैंकों को तोड़ने का काम किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि राजकीय निर्माण निगम की टीम ने इस कार्य में भेदभाव किया है।
आवास संख्या एलआईजी 42 से एलआईजी 50 तक सभी सेप्टिक टैंकों को ध्वस्तीकरण के अभियान से मुक्त कर दिया गया है। बाकी तोड़ दिए गए। इस पर क्षेत्रीय लोगों ने राजकीय निर्माण निगम के भेदभाव की शिकायत क्षेत्रीय विधायक प्रदीप माथुर से की। उन्होंने इसमें डीएम से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया।
इससे पहले कि डीएम कोई कदम उठाते उससे पहले गुरुवार को निर्माण निगम के सहायक अभियंता के मौके पर पहुंचने पर क्षेत्रीय लोगों ने उन्हें घेर लिया। जमकर हंगामा किया और पक्षपात के लिए खरीखोटी सुनाईं। ऐसी स्थिति में लोगों का आक्रोश देख सहायक अभियंता सभी सेप्टिक टैंकों के ध्वस्तीकरण का आश्वासन देकर चले गए।