रिफाइनरी नगर। रिफाइनरी के गेट नंबर नौ के सामने कन्नौज के बल्लापुर निवासी चालक धर्मवीर (25) अपने ही टैंकर के नीचे मृत मिला। उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामले में टैंकर के क्लीनर समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है।
धर्मवीर पुत्र शिवकुमार टैंकर संख्या यूपी86-बी9539 पर चालक था। वह मंगलवार को क्लीनर पुष्पेंद्र के साथ माल लेकर रिफाइनरी आया था। अपनी बारी की प्रतीक्षा में उसने अपना टैंकर रिफाइनरी के नौ नंबर गेट के सामने एचपी पेट्रोल पंप के पास खड़ा कर लिया। पुलिस के अनुसार इस दौरान उन्हें अन्य टैंकर चालक अरविंद, किशोर और सर्वेश भी मिल गए। सभी ने एक साथ बैठकर मदिरा का सेवन किया। इसके बाद सो गए।
सुबह जागने पर उन्हें धर्मवीर का शव उसी के टैंकर के नीचे मिला। घबराए एफेक्स ऑल केयर कंपनी के चालक किशोर ने अपने मुनीम जगवीर को फोन किया। जगवीर ने पुलिस को सूचना दी। इस पर रिफाइनरी पुलिस के साथ सीओ रिफाइनरी और एसपी सिटी ओमवीर सिंह मौके पर पहुंच गए।
एसपी सिटी ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला संदिग्ध है। जिस टैंकर के नीचे शव मिला है, वह अपने स्थान से करीब 40 मीटर बैक गया है। चालक धर्मवीर का उसके ही टैंकर के नीचे आना गले नहीं उतर रहा। जबकि क्लीनर पुष्पेंद्र का कहना है कि उसने देर रात एक लाल रंग की बोलेरो देखी थी। पूछताछ के लिए परिचालक समेत अरविंद, किशोर और सर्वेश को हिरासत में ले लिया गया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।