मथुरा। अछनेरा रोड करनपुर चौराहे पर पशु व्यापारियों से हुई लाखों की लूट मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने टीमें गठित कर दी हैं। इन टीमों ने बदमाशों की तलाश में सिकंदराराऊ, हाथरस, अछनेरा, आगरा व अलीगढ़ में छह से अधिक स्थानों पर ताबड़तोड़ दबिश दीं। इस दौरान 17 हिस्ट्रीशीटर अपराधियों को उठाया गया है। महावन और फरह में भी अपराधियों की तलाश में दबिश दी गई हैं। पकड़े गए सभी हिस्ट्रीशीटरों से पूछताछ की जा रही है। इस मामले में गांव जवार इगलास अलीगढ़ निवासी पशु व्यापारी नकीम ने अज्ञात के खिलाफ फरह थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बता दें कि सोमवार रात को अछनेरा रोड करनपुर चौराहे के पास दर्जनभर बदमाशों ने सात वाहनों में सवार पशु व्यापारियों से लाखों की लूट की थी। घटना के बाद एसएसपी गुलाब सिंह ने रिफाइनरी थाने में मीटिंग बुलाकर जल्द से जल्द खुलासे के आदेश दिए थे। यही नहीं सीओ रिफाइनरी के नेतृत्व में स्वाट टीम, एसओ महावन की टीम, सर्विलांस प्रभारी टीम, एसओ फरह एवं एसओ रिफाइनरी को जांच के लिए लगाया है।
मास्टर माइंड के महावन या हाथरस में होने की संभावना
रोड होल्डअप के मास्टर माइंड के महावन या हाथरस में छिपे होने की संभावना जताई जा रही है। दरअसल रोड होल्डअप के दौरान छह गाड़ियों में सवार पशु व्यापारियों के साथ तो लूट हुई थी लेकिन सातवीं गाड़ी में सवार छह व्यापारियों को बदमाशों ने मारपीटकर छोड़ दिया था। इसका खुलासा तब हुआ जब पुलिस फरह स्वास्थ्य केंद्र पर व्यापारियों का चिकित्सकीय परीक्षण करा रही थी। बताया जाता है कि उस समय एक व्यापारी के कपड़ों से नोटों की गड्डियां गिर गई थीं। पूछने पर उसने मात्र मारपीट की घटना स्वीकारी थी। संभावना जताई जा रही है कि बदमाशों से आसपास का व्यक्ति लगातार संपर्क में था और उन्हें पल-पल की सूचना दे रहा था।