मथुरा। बसों में भूसे की तरह भरकर स्कूल जाने वाले बच्चों को इस तकलीफदेह सफर से जल्द मुक्ति मिल जाएगी। स्कूली बसों में ओवरलोडिंग से गुस्साए डीएम ने एआरटीओ को कड़ी फटकार लगाई है। उन्हें स्कूल संचालकों से वार्ता कर इस समस्या को खत्म करने की ताकीद दी है।
स्कूल बस, आटो और अन्य वाहनों में भरकर स्कूल जाते बच्चे आपको शहर में रोजाना नजर आते होंगे। इसकी शिकायत पर डीएम ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्कूली वाहनों में हो रही ओवरलोडिंग पर चुप्पी साधे एआरटीओ को कड़ी फटकार लगाई है। आदेश दिया कि वे स्कूल संचालकों की बैठक बुलाकर इस मसले को हल कराएं। स्कूली वाहन में जितनी जगह है उतने ही बच्चे बैठाए जाएं।
शहर के अंदर नहीं चलेंगी बड़ी बसें
डीएम विशाल चौहान ने शहर में बड़ी बसें चलने से आने वाली जाम की समस्या पर कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने स्कूल संचालकों के साथ होने वाली बैठक में इस बिंदु को रखने को कहा है। स्पष्ट कहा कि शहर के अंदर बड़ी स्कूली बसें किसी भी सूरत में संचालित न हों।
पुलिस के भी कसे पेच
ओवरलोड वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए डीएम ने पुलिस के भी पेच कसे। उन्होंने यातायात पुलिस को निर्देशित किया कि वह ओवरलोडिंग करने वाले वाहन चालकों से सख्ती से पेश आएं। वाहन के बढ़े हिस्से कटवाए जाएं और किराया भी तय कर दिया जाए और न मानने पर वाहन सीज करने की कार्रवाई की जाए। शनिवार से चेकिंग अभियान शुरू कराकर जल्द से जल्द इस समस्या का निदान कराया जाए। वाहन चालकों की मनमानी रोकने को एआरटीओ का सहयोग लेकर सभी स्थानों का किराया तय कर दिया जाए।