मथुरा। सरहद की रक्षा का जज्बा रखने वालों को सेना में नौकरी देने के लिए आज से मेला शुरू हो रहा है। सेना भर्ती मेले के लिए ईगल ग्राउंड तथा जवाहर बाग इलाके को जगमग कर दिया गया है। पहले दिन छाता व मथुरा तहसील के 12 हजार से अधिक युवा भाग लेंगे। खुली भर्ती का शुभारंभ शहीद लांस नायक हेमराज की पत्नी धर्मवती झंडी दिखाकर दौड़ कराएंगी।
सेना के ईगल ग्राउंड में शहीद हेमराज के नाम पर भर्ती मेला लगाया जा रहा है। भर्ती मेला में मथुरा, कासगंज, हाथरस तथा अलीगढ़ के युवा भाग लेंगे। इसके लिए सेना भर्ती कार्यालय आगरा के निदेशक कर्नल सुनील अब्राहम, पिथौरागढ़ से नियोक्ता कर्नल पुनीत दत्ता, लखनऊ से कर्नल सत्येंद्र दाहिया, अल्मोड़ा से कर्नल सुंदरेश, स्टेशन हैड क्वार्टर मथुरा के कर्नल एबीएस ठेनुआं टीम सहित ईगल ग्राउंड में कैंप किए हुए हैं। निदेशक सुनील अब्राहम ने बताया कि सेना भर्ती मेला में पहले दिन 17 अप्रैल को छाता व मथुरा तहसील के युवा भाग लेंगे। 18 को महावन व मांट, 19 को हाथरस, 20 को कासगंज व 21 को अलीगढ़ के युवाओं को मौका दिया जाएगा। भर्ती के लिए युवाओं को पहले जवाहर बाग में तड़के 3:30 बजे से सैनिक जीडी की भर्ती के लिए टोकन दिया जाएगा। टोकन के बाद 150 से 200 के ग्रुप बनाकर उन्हें पानी की टंकी के निकट लाकर लंबाई मापन होगा और फिर ईगल ग्राउंड में 400 गुणा चार के चार चक्कर लगाने होंगे। दौड़ पास करने वाले युवाओं के फिजिकल, मेडिकल व एजुकेशनल सर्टिफिकेट परखे जाऐंगे। यहीं प्रक्रिया सोल्जर टेक्निकल, सोल्जर नर्सिंग तथा सोल्जर स्टोर कीपर टेक्निकल के लिए अपनाई जाएगी। भर्ती मेला के लिए लखनऊ भर्ती कार्यालय से उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश प्रभारी भर्ती अधिकारी ब्रिगेडियर एसएस धनकड़ भी आ रहे हैं।
दौड़ पूरी करते ही चेहरा कम्यूटर में कैद
मथुरा। सेना भर्ती मेला में दौड़ पूरा करने वाले युवाओं के दौड़ पूरी करते ही उनके चेहरे कंप्यूटर में कैद कर लिए जाऐंगे। साथ ही उनके हाथ, हथेली, अंगुलियों के प्रिंट व अंगूठा निशानी स्कैनिंग कराई जाएगी। इसके बाद ही अभ्यर्थी को आगे प्रक्रिया में शामिल होने का रजिस्ट्रेशन नंबर दिया जाएगा।
बेहतर रहेंगी सुविधाएं, दुरुस्त होगी सुरक्षा
मथुरा। सेना भर्ती मेला में भर्ती प्रक्रिया के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस व प्रशासन ने खासे इंतजाम किए हैं। इसके लिए जवाहर बाग में अभ्यर्थियों को अनुशासित करने के लिए बड़े पैमाने पर बेरीकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पानी के टैंकर, एंबुलेंस, चिकित्सकों की टीम तैनात की गई है। साथ ही भर्ती मेला में दौड़ पूरी करने में असफल रहने वाले अभ्यर्थियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए 15 रोडवेज की बसें तैनात रहेंगी। पुलिस व प्रशासन के एक अधिकारी सहित ट्रैफिक पुलिस, मिलिट्री पुलिस के भी जवान लोगों को नियंत्रित करेंगे।