मथुरा। गांव सौनोंठ में गुजरात-मथुरा पाइप लाइन के निकट के खेतों को बंटाई पर लेकर क्रूड ऑयल चोरी का खेल संचालित हो रहा था।
तेल चोरी के मामले में नामजद किया गया सौनोंठ का मुकेश ठाकुर का लाइन के निकट ही तीन बीघा खेत है। उसने फरह के नगला अबुआ के धर्मेंद्र क लुआ का खेत बंटाई पर लिया था। ग्रामीण लीला और सौनोंठ के लोगों ने बताया कि पांच साल पहले मुकेश ठाकुर बाइक पर चलने वाला साधारण सा किसान था। क्रूड ऑयल चोरी कर उसने इंटर कॉलेज, चार मकान, लक्जरी गाड़ियां, टैंकर आदि जोड़ लिए और करोड़ों में खेल रहा है।
हालात यह हैं कि वह रिफाइनरी की पाइप लाइनों के निकट के खेतों को मुंहमांगी बंटाई की कीमत पर लेता है और मजदूरों से उस पर खेती कराता है। मजदूर से लेकर कोई और भी उसके तेल चोरी के खेल के लिए मुंह नहीं खोलता। वहीं एसओ मगोर्रा ने बताया कि मुकेश ठाकुर के यहां दबिश दी लेकिन वह नहीं मिला।
तीन बार फाड़ी तहरीर
मथुरा। थाना मगोर्रा के गांव सौनोंठ में गुजरात-मथुरा पाइप लाइन से तेल चोरी के मामले में रिफाइनरी पाइप लाइन डिवीजन के अधिकारी तेल चोरों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराने से बचते रहे।
शनिवार सायं से तेल चोरी का पता चलने के बाद पहले तो रिफाइनरी पाइप लाइन डिवीजन के अधिकारी बिना पुलिस को सूचना दिए जेसीबी से खुदाई कर वाल्व बंद करने के प्रयास में जुट गए। शुक्रवार सुबह लाइन के निकट जेसीबी चलते देख ग्रामीणों को पता चला तो मगोर्रा पुलिस को सूचना दी। इसके बावजूद भी रिफाइनरी अधिकारी नामजद लोगों के खिलाफ रिपोर्ट लिखाने को तैयार नहीं हुए। इसमें पाइप लाइन डिवीजन के अधिकारियों ने मगोर्रा पुलिस को देने को तीन बार तहरीर लिखी। मगोर्रा पुलिस ने बिना नामजदगी की तहरीर को फड़वा दिया। अपराह्न एसएसपी प्रदीप कुमार मौके पर पहुंचे।एसएसपी ने ग्रामीणों से अलग-अलग बातचीत कर तेल के खेल को समझा। इसके बाद एसएसपी ने अपने सामने रिपोर्ट लिखाई और दर्ज कराई। चीफ मैनेजर पाइप लाइन डिवीजन के ई हक की तहरीर पर धर्मेंद्र, कलुआ निवासी नगला अबुआ फरह और मुकेश ठाकुर, सुभाष निवासी सौनोंठ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।